बरहन में करंट से संविदाकर्मी की मौत ⚡ लापरवाही ने ली जान, परिवार में मचा कोहराम

📍 आगरा (बरहन क्षेत्र) से बड़ी खबर
बरहन क्षेत्र के गांव गढ़ी फौजी में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां खंभे पर काम कर रहे एक संविदा कर्मी की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नयावास थाना बरहन निवासी इसरार (42) गढ़ी फौजी में शटडाउन लेकर बिजली के पोल पर मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संपर्क में आने से उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह खंभे से नीचे गिरकर पास के गेहूं के खेत में जा गिरा।
हादसे के समय मौके पर कोई अन्य कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिसके चलते इसरार काफी देर तक खेत में ही पड़ा रहा। बाद में वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत विद्युत विभाग और स्थानीय लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल इसरार को आनन-फानन में आगरा के गोयल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे नोएडा रेफर कर दिया। गंभीर रूप से झुलस जाने के कारण उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
⚠️ लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सहयोगी स्टाफ के संविदा कर्मियों से खतरनाक कार्य कराए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
💔 परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इसरार पिछले 15 वर्षों से डीवीवीएनएल में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। वह लाइनमैन था और पिछले 11 सालों से आंवलखेड़ा में किराए के मकान में रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
अपने पीछे वह पत्नी शबाना, 17 वर्षीय बेटी सोनम, 15 वर्षीय सुहाना, 13 वर्षीय सिफा, 11 वर्षीय सोफिया, 9 वर्षीय बेटे तैमूर और 7 वर्षीय बेटे तोफिक को छोड़ गया है।
पिता की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।




