बैनई में कूड़े के ढेर में लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

बैनई में कूड़े के ढेर में लगी आग, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
घने धुएं से लोगों को हुई परेशानी, दमकल ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
बरहन। थाना बरहन क्षेत्र के गांव बैनई स्थित पैठ मैदान में कूड़े के विशाल ढेर में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने से आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे आसपास के राहगीरों और स्थानीय निवासियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय कूड़े के ढेर से चिंगारियां उठीं, जो सूखे कचरे के कारण तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल
रूप ले लिया। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज
होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और संकरी गलियों व घने धुएं के बीच
कर्मियों ने मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
गनीमत रही कि आग पास की दुकानों और रिहायशी मकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पैठ मैदान में अक्सर कूड़े का अंबार लगा रहता है, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।




