संविदा कर्मी की मौत पर परिजनों का फूटा गुस्सा, शव रखकर सब स्टेशन पर किया हंगामा

आंवलखेड़ा (आगरा):
थाना बरहन क्षेत्र के गांव नयाबांस स्थित विद्युत सब स्टेशन पर तैनात संविदा कर्मी की करंट लगने से मौत के बाद शुक्रवार शाम परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव को सब स्टेशन पर रखकर जमकर हंगामा किया गया।
बताया गया है कि नयाबांस निवासी इसरार पुत्र निजामुद्दीन पिछले 15 वर्षों से विद्युत विभाग में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। वह शटडाउन लेकर गांव गढ़ी फौजी के पास बिजली के पोल पर चढ़कर एलटी लाइन ठीक कर रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और नीचे झाड़ियों में गिर पड़ा।
राहगीरों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को विद्युत सब स्टेशन नयाबांस ले आए और धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। मौके पर पुलिस और एसडीओ खंदौली अरुण कुमार पहुंचे और परिजनों से वार्ता की।
अधिकारियों ने 30 मार्च तक 7.5 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी सुविधाएं देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।




