आगरा में स्कूल वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, पहले ही दिन 34 वाहनों पर कार्रवाई
आगरा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार से 15 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले ही दिन शहरभर में 348 स्कूल बसों और वैनों की जांच की गई, जिनमें 34 वाहनों के खिलाफ विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, जीपीएस, स्पीड गवर्नर, इमरजेंसी एग्जिट, सीसीटीवी कैमरा (जहां लागू हो), चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन में ओवरलोडिंग सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की।
अभियान के दौरान जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, फिटनेस की कमी, दस्तावेजों में गड़बड़ी या ओवरलोडिंग पाई गई, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह विशेष अभियान अगले 15 दिनों तक लगातार चलेगा और शहर के सभी प्रमुख स्कूलों के आसपास स्कूल बसों एवं वैनों की नियमित जांच की जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालकों और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे केवल मानकों के अनुरूप और सुरक्षित स्कूल वाहनों का ही उपयोग करें। यदि किसी वाहन में सुरक्षा संबंधी कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि स्कूली बच्चों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है। नियमों का पालन करने वाले वाहन संचालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी
रहेगी.
आगर से संवादाता शिवम कुमार ✍️




