बरहन (आगरा)। बरहन स्टेशन रोड पर ट्रांसफार्मर के पास आग लगने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक नशे में धुत व्यक्ति द्वारा ट्रांसफार्मर के नजदीक आग लगा दी गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
लाइनमैन शिवम ने जानकारी देते हुए बताया कि आग ट्रांसफार्मर के बेहद पास थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि बिजली सप्लाई को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। फिलहाल विभाग की टीम बिजली लाइनों और उपकरणों की जांच में जुटी है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह का खतरा न रहे।
स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और बिजली कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।




