सड़क पर मौत बनकर गिरी बरगद की विशाल टहनी! 😱 बाल-बाल बचे राहगीर और वाहन चालक, टला बड़ा हादसा!

आंवलखेड़ा (आगरा)। बरहन क्षेत्र के आगरा-जलेसर मार्ग पर नगला ताल के समीप मंगलवार को एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक खतरा बन गया, जब उसकी विशाल टहनी भरभराकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के समय मार्ग से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
टहनी सड़क के बीचों-बीच गिरने से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय उपनिरीक्षक रोशन राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से गिरी हुई टहनी को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारू हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरगद का पेड़ काफी पुराना है और उसकी जर्जर शाखाएं कभी भी बड़ा खतरा बन सकती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।




