खांडा के ऐतिहासिक मेले में बापू गप्पी ने बिखेरी हास्य की छटा, रातभर गूंजे ठहाके और जयकारे

खांडा के ऐतिहासिक मेले में बापू गप्पी ने बिखेरी हास्य की छटा, रातभर गूंजे ठहाके और जयकारे
आंवलखेड़ा। ग्राम खांडा के ऐतिहासिक मेले में शनिवार रात हास्य कलाकार बापू गप्पी के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी दिलीप यादव एवं विशिष्ट अतिथि दिनेश राठौर, ऋषि यादव और डॉ. महेश चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
हास्य कलाकार बापू गप्पी ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। देर रात तक चले इस हास्य कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे, जिन्होंने ठहाकों और जयकारों के बीच भरपूर मनोरंजन का आनंद लिया।
बापू गप्पी ने अपने अनोखे अंदाज, चुटीले संवाद और देहाती शैली की प्रस्तुति से दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखा। उनके हास्य-व्यंग्य और सामाजिक संदेशों से भरपूर प्रस्तुति पर लोग बार-बार तालियां बजाने को मजबूर हो गए।
कार्यक्रम के दौरान मेला परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा और हर ओर हंसी-ठहाकों के साथ जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। कलाकार ने अपनी प्रस्तुति से यह साबित कर दिया कि हास्य कला के जरिए लोगों को जोड़ना और संदेश देना दोनों संभव है।
आयोजकों ने बताया कि मेले में इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों का मनोरंजन करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मेला कमेटी और ग्रामवासियों ने खुशी जाहिर की। मेले में दिलीप यादव, दिनेश राठौर, दिनेश यादव, भारत यादव समाजसेवी ,विनोद यादव और डॉ. शिवराम यादव सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।



