आगरा में राशन डीलर पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज

आगरा में राशन डीलर पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज
संवाददाता: मनोज तारोलिया
आगरा। कमिश्नरेट आगरा के थाना एकता क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरौली अहीर में सरकारी राशन की दुकान पर एक महिला के साथ कथित छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राशन डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरौली अहीर निवासी एक महिला सरकारी राशन लेने के लिए स्थानीय राशन की दुकान पर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान राशन डीलर ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की तथा गाली-गलौज और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया।
घटना के बाद पीड़िता ने थाना एकता पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी।
एसीपी ताज सुरक्षा यतेन्द्र नागर ने बताया कि ग्राम बरौली अहीर की एक महिला द्वारा राशन डीलर के खिलाफ छेड़छाड़ और गाली-गलौज की शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।




