कमला नगर में सपा के विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस अलर्ट, क्षेत्र बना छावनी
विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कमिश्नर के नाम एडीसीपी को सौंपा ज्ञापन

कमला नगर में सपा के विरोध प्रदर्शन से पहले पुलिस अलर्ट, क्षेत्र बना छावनी
विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कमिश्नर के नाम एडीसीपी को सौंपा ज्ञापन
आगरा। समाजवादी पार्टी द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए गुरुवार सुबह कमला नगर क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर इलाके की तीनों ओर बैरिकेडिंग की गई और सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। बाद में सपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर एडिशनल डीसीपी को पुलिस कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
मामला भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के कथित बयान को सोशल मीडिया पर भ्रामक तरीके से पोस्ट किए जाने से जुड़ा है। सपा नेताओं का आरोप है कि इससे सांसद और पार्टी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। सपा नेता नितिन कोहली ने विधायक से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की थी और चेतावनी दी थी कि ऐसा न होने पर उनके आवास का घेराव कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की जाएगी।
निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी माफी न मिलने पर सपा नेताओं ने विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने एहतियातन कमला नगर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी।
सपा नेता नितिन कोहली ने कहा कि भाजपा विधायक विकास के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाजवादी पार्टी और सांसद डिंपल यादव की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव में संभावित हार की आशंका से भाजपा नेता भ्रामक प्रचार कर रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा और महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि भविष्य में किसी भी भाजपा नेता द्वारा इस प्रकार की हरकत की गई तो समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा नेता राहुल चतुर्वेदी, राजपाल यादव और कादिर कुरैशी सहित अन्य नेताओं ने भी भाजपा पर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम का संचालन राजीव पोद्दार एवं विधानसभा अध्यक्ष राहुल शाक्य ने किया।
इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



