टर्रकपुर में जलभराव से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं ने ग्राम प्रधान का किया घेराव
आगरा। विकास के दावों के बीच जनपद आगरा के खंदौली क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पोईया के मजरा टर्रकपुर

टर्रकपुर में जलभराव से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, महिलाओं ने ग्राम प्रधान का किया घेराव
संवाददाता : मनोज तारोलिया
आगरा। विकास के दावों के बीच जनपद आगरा के खंदौली क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत पोईया के मजरा टर्रकपुर
में जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीवन मुश्किल बना दिया है। प्रजापति एवं जाटव बस्ती में लंबे समय से गंदा पानी भरा रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को समस्या से परेशान दर्जनों महिलाओं ने ग्राम प्रधान श्याम सुंदर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि बिना बारिश के ही बस्ती की गलियों में गंदा पानी जमा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को प्रतिदिन इसी बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अभी यह स्थिति है, तो बारिश के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाएंगे। जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की होगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बस्ती का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव से राहत मिल सके।



