
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो सगे भाई गंभीर घायल
संवाददाता: मनोज तारोलिया
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नगला स्वरूप निवासी बबलू और ताराचंद पुत्र अमर सिंह मोटरसाइकिल से फिरोजाबाद से आगरा की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे छलेसर पुलिस चौकी क्षेत्र में जोधा होटल के सामने पहुंचे, उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से भागूपुर स्थित चैरिटेबल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें आगरा के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर छलेसर पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

