स्मार्ट मीटर के खिलाफ मुखवार में गरजी किसान महापंचायत, उग्र आंदोलन की चेतावनी
नयाब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन: बढ़े हुए बिलों और फर्जी मुकदमों को लेकर जताया कड़ा रोष

स्मार्ट मीटर के खिलाफ मुखवार में गरजी किसान महापंचायत, उग्र आंदोलन की चेतावनी
नयाब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन: बढ़े हुए बिलों और फर्जी मुकदमों को लेकर जताया कड़ा रोष
एत्मादपुर। गाँव मुखवार में सिस्टम सुधार संगठन (किसान) यूनियन’ के तत्वावधान में एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत का मुख्य एजेंडा विद्युत विभाग द्वारा जबरन लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों का विरोध और किसानों का उत्पीड़न रहा। महापंचायत में उमड़ी भारी भीड़, विशेषकर महिलाओं के कड़े तेवरों ने प्रशासन को बैकफुट पर धकेल दिया। मौके पर ज्ञापन लेने पहुँचे नायाब तहसीलदार हरिलाल चौधरी को संगठन ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसानों की माँगें पूरी नहीं हुईं तो एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
पंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना, बिना किसी हस्ताक्षर और बिना ग्रामीणों की सहमति के घरों में जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगा दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मीटर लगाने के बाद विभाग द्वारा कोई रसीद भी उपलब्ध नहीं कराई गई, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
महापंचायत में मौजूद महिलाओं ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, बिजली के बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। गरीब मजदूरों और किसानों के घरों में 8 हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक के बिल आ रहे हैं। ग्रामीणों ने एक सुर में कहा हमें स्मार्ट मीटर किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं हैं। इन्हें तुरंत हटाया जाए।
स्मार्ट मीटरों की वापसी: जबरन लगाए गए स्मार्ट मीटर तुरंत हटाए जाएँ। बढ़े हुए और त्रुटिपूर्ण बिलों में तत्काल सुधार किया जाए। किसानों पर दर्ज किए गए फर्जी मुकदमों को विभाग बिना शर्त वापस ले। चेकिंग के नाम पर किसानों और गरीब परिवारों का उत्पीड़न बंद हो।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर ने कहा कि विभाग अपनी मनमर्जी चला रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष रामवीर सिंह और मंडल अध्यक्ष पवन सिसोदिया ने कहा कि यह लड़ाई अब आर-पार की है। यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो चक्का जाम किया जाएगा।
पंचायत में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष (युवा मोर्चा) राहुल चौहान, जिला उपाध्यक्ष टिंकू पुंडीर, किसान नेता हनुमान सिंह, राहुल यादव, राजा ठाकुर, पंडित दिनेश उपाध्याय, हरिकांत त्यागी, भूरी सिंह, अमित चौहान, राकेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, हरिशंकर सिंह समेत भारी संख्या में मातृशक्ति श्रीदेवी, ममता, पूनम, गीता, जरीना बेगम आदि) और किसान सरदारी उपस्थित रही।




