
आगरा: ‘चॉकलेट डे’ पर आशिक को घर बुलाया, पति ने देख लिया तो देवर के साथ मिलकर कर दी हत्या
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी (जो उसका सगा देवर भी है) के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने शव को फांसी के फंदे से लटका दिया ताकि यह आत्महत्या लगे।
चॉकलेट डे मनाने के लिए बुलाया था प्रेमी
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी महिला गौरी ने ‘चॉकलेट डे’ मनाने के बहाने अपने प्रेमी सुंदर सिंह (23) को घर बुलाया था। दोनों बंद कमरे में थे, तभी उसका पति लवकुश तोमर (24) अचानक घर पहुंच गया। पति को देख दोनों के हाथ-पांव फूल गए। लवकुश के विरोध करने पर गौरी और सुंदर ने मिलकर उसका गला दबा दिया। गौरी ने पति के हाथ-पांव पकड़े और सुंदर ने तकिए से उसका दम घोंट दिया।
अंतिम संस्कार के बाद खुला राज
हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इसे सुसाइड का रूप दिया और परिजनों ने भी शुरू में इसे सामान्य मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन घर की महिलाओं को गौरी के व्यवहार पर शक हुआ, क्योंकि वह पति की मौत पर दुखी होने के बजाय देवर की ओर ज्यादा ध्यान दे रही थी। पुलिस की सख्ती के बाद गौरी ने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।




