कमला नगर में धंसी सड़क पर सपा कार्यकर्ताओं का अनोखा विरोध, बोले— “यह सड़क नहीं, पाताल लोक का रास्ता”
आगरा। शहर के कमला नगर क्षेत्र में धंसी सड़क को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में

कमला नगर में धंसी सड़क पर सपा कार्यकर्ताओं का अनोखा विरोध, बोले— “यह सड़क नहीं, पाताल लोक का रास्ता”
संवाददाता : मनोज तारोलिया
आगरा। शहर के कमला नगर क्षेत्र में धंसी सड़क को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढे को लेकर सपा नेता नितिन कोहली सीढ़ी लगाकर स्वयं गड्ढे में उतर गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान नितिन कोहली ने कहा कि यह सड़क नहीं, बल्कि “पाताल लोक” का रास्ता बन चुकी है। उनका आरोप था कि लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त है, लेकिन संबंधित विभाग और नगर निगम ने इसकी मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह गड्ढा कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग प्रदर्शन के इस अलग अंदाज पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से रोजाना राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।




