बुधवार को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर बरहन कस्बे में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री हनुमान जी का भव्य डोला धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाला गया, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नगर को भक्तिमय बना दिया।

बरहन में हनुमान जयंती पर भव्य डोला शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा कस्बा
बरहन (आगरा)।
डोला शोभायात्रा की शुरुआत हनुमान चौराहे से हुई, जो आंवलखेड़ा रोड, खेड़ा मोहल्ला, गांधी नगर, टंकी मोहल्ला और मेन बाजार से होते हुए पुनः हनुमान चौराहे पर आकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया तथा विधिवत आरती उतारी।


शोभायात्रा के दौरान डोले के पीछे चल रहीं महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं, वहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज और राम नाम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। भक्तगण भक्ति में झूमते नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में श्री कुशवाह क्षत्रीय सामाजिक धर्मशाला में रामायण पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धर्मशाला कमेटी के अध्यक्ष डॉ. शिशुपाल सिंह, उपाध्यक्ष दिनेश कुशवाहा, कोषाध्यक्ष सत्य प्रकाश, मंत्री धर्मेंद्र कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष आगरा उदल सिंह कुशवाहा एवं कुशवाहा महासभा के जिला अध्यक्ष आगरा मनोज तरोलिया कुशवाहा ने भी उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।






